सोहरौल गांव को बाढ़ ने घेरा, नही मिला नाव और इलाज के अभाव में हुई मौत
सोहरौल में बहन के यहां आये भाई की मौत, मातम
देर रात में तबियत बिगड़ी, बेहोश हुआ, सुबह होते-होते तोड़ दिया दम
पानी फैले होने के कारण नही पहुंच सका अस्पताल
बेनीपट्टी : प्रखंड के करहारा पंचायत के सोहरौल गांव में बाढ़ के कारण अपनी बहन से मिलने आये भाई की मौत हो गयी। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के जाले थाना के योगेंद्र राम के 25 वर्षीय पुत्र विजय राम के रुप में की गयी।
बताया जा रहा है कि मृतक करीब एक सप्ताह पहले अपनी बहन से मिलने उसके गांव बेनीपट्टी के सोहरौल आया था। उसके आने के बाद बारिश होने लगी और फिर बाढ़ का पानी गांव को घेर लिया। अगले ही दिन सोहरौल से बाहर निकलने के सभी सड़क संपर्क भंग हो गये। प्रशासन से कटाव स्थल पर नाव मुहैया कराने की आरजू बिनती की जाती रही लेकिन प्रशासन द्वारा नाव उपलब्ध नही कराया जा सका।
वहीं मृतक के जीजा सोहरौल गांव निवासी जगदीश राम सहित अन्य परिजनों ने बताया कि गुरुवार की देर रात उसकी तबियत अचानक बिगड़ गयी। बेचैनी की बात बता मृतक बेहोश गया। गांव के चगरों ओर बाढ़ का पानी फैला है और सड़कें बाढ़ की भेंट चढ़ चुकी है। ऐसी स्थिति में उसे अस्पताल तक नही ले जा सके और तेल मालिश कर घरेलू उपचार किया लेकिन सुबह होते-होते उसने दम तोड़ दिया।
उसने यह भी बताया कि उम्मीद थी सुबह होने और स्थानीय लोगों की मदद से कोई वैकल्पिक उपाय कर अस्पताल तक ले जायेंगे, लेकिन मौका नही मिल सका। अब ससुराल में क्या मूंह दिखायेंगे यह समझ में नही आता।
उधर ग्रामीण मिश्रीलाल राम सहित अन्य लोगों ने कहा कि सोहरौल में बाढ़ की भयानक स्थिति में गंभीर व आपात स्थिति से जूझ रहे बीमारियों की समस्या बढ़ने की आशंका से अधिकारियों को अवगत कराया जाता रहा लेकिन अधिकारी बाढ़ को गंभीरता से लेने से बचते रहे। समय रहते नाव मुहैया करा दिया गया होता तो अस्पताल तक जरूर उसे पहुंचाया जा सकता था।