जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
लोगों के घरों में घुसा पानी, लोगों में सीओ को आवेदन देकर लगाई गुहार
हरलाखी : प्रखंड मुख्यालय उमगांव में विभिन्न जगहों पर जलजमाव से लोग परेशान है। लोगों के घरों में भी वर्षा का पानी घुस गया है। जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इस दौरान जलजमाव की समस्या को लेकर सोठगांव पंचायत अंतर्गत उमगांव के वार्ड नंबर 13 और 14 में लोगों में विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि गांव में पुराना कोकियाही पोखरा में वर्षा का पानी उफनाने के बाद लोगों के घरों में प्रवेश कर गया है। पानी निकासी के लिए कहीं से कोई रास्ता नहीं है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सीओ कार्यालय में लिखित आवेदन भी दिया है। बावजूद समस्या को दूर करने की कोई पहल नहीं की जा रही है। जिससे ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी ब्यक्त की है।
ग्रामीण शोभित राम, महेंद्र साह, राजेन्द्र राम, उपेंद्र राम, राजकिशोर कामत, दुखी कामत, मुशन कामत, दिलीप राम, ललन, संतोष, आशिष, कुमारी नीता, पवन देवी, वरतनिया देवी, राधा देवी, फूलो देवी समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि लोगों के घरों में पानी घुस गया है। जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। घर के बच्चें व महिलाएं दूषित पानी में गिरकर बीमार हो रहे हैं। इतना ही नहीं लोगों का शौचालय भी पानी मे डूब गया है। जिससे महामारी फैलने का भी खतरा बढ़ गया है।
बहरहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से जलजमाव की समस्या को शीघ्र दूर करने की मांग की है। इस बाबत सीओ सौरभ कुमार ने बताया कि समस्या को दूर करने की पहल की जाएगी।